Bihar Election 2025: राहुल गांधी की गयाजी यात्रा के बाद अब PM MODI देंगे 12 हजार करोड़ की सौगात

Photo of author

By Akanksha Singh Baghel

Bihar Election 2025, की सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर प्रचार और जनसंपर्क में जुट गए हैं। कांग्रेस नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी इन दिनों अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तहत बिहार दौरे पर हैं। यात्रा के दूसरे दिन वे गयाजी पहुंचे और चुनाव आयोग व बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी गयाजी का दौरा करने जा रहे हैं।

पीएम मोदी 22 अगस्त को गयाजी आएंगे

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गयाजी पहुंचेंगे। यहां वे 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी का कार्यक्रम मगध विश्वविद्यालय परिसर में होगा, जहां के सभास्थल का निरीक्षण सम्राट चौधरी ने अधिकारियों संग किया।

सम्राट चौधरी का राहुल गांधी और लालू यादव पर हमला

Bihar Election 2025,गयाजी में एनडीए कार्यकर्ताओं की बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने नाम के साथ ‘जननायक’ लिख लेते हैं और कुछ ‘गांधी’, लेकिन इससे कोई नेता नहीं बन जाता। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया था और कार्यकर्ताओं को जेल में डाला था। सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि गांधी और लालू परिवार ने बिहार को सिर्फ लूटने का काम किया, जबकि नीतीश कुमार ने राज्य को संवारा है।

बिजली और विकास योजनाओं पर फोकस

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 2005 में बिहार में केवल 17 लाख बिजली कनेक्शन थे, जो अब बढ़कर 2.14 करोड़ हो गए हैं। इनमें से 1.64 करोड़ उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि हर घर तक मुफ्त बिजली पहुंचे। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सोलर प्लेट लगाने की योजना चला रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में मूलभूत सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है। अयोध्या में रामलला का मंदिर बन चुका है और अब सीतामढ़ी के पुनौराधाम में एक हजार करोड़ की लागत से मां जानकी का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

चुनावी समीकरणों पर असर

राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ और पीएम मोदी की गयाजी यात्रा, दोनों ही बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रही हैं। कांग्रेस और एनडीए दोनों अपनी-अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि इन बड़े नेताओं के दौरे का असर राज्य के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ता है।

ALSO READ ABOUT VOTER ADHIKAR YATRA

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.