BIHAR ELECTION: चिराग पासवान पर जीतन राम मांझी ने कसा तंज, कहा सभी को पता है उनका चाल और चरित्र

Photo of author

By Puspraj Singh

BIHAR ELECTION: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी अभियान जोर पकड़ता जा रहा है. राजनीतिक दल एक दूसरे पर तंज कसने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ रहे हैं. यह कड़वाहट अब गठबंधन में भी दिखने लगी है. इसकी एक बानगी शनिवार को देखने को मिली. सत्तारूढ़ एनडीए की सहयोगी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान पर तगड़ा हमला किया. उन्होने कहा कि आप लोग चिराग के चाल और चरित्र को भलीभांति जानते हैं. जीतन राम मांझी के इस बयान से साफ है कि एनडीए गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है.

उपराष्ट्रपति के चुनाव के बाद होगा सीटों का बंटवारा

जीतन राम मांझी शनिवार को दिल्ली से पटना पहुंचे थे. जहां उन्होने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई परेशानी नहीं है. हेड क्वाटर से जो आदेश मिलेगा, वह हम सभी के लिए मान्य होगा. अभी उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव है. इस चुनाव के बाद सभी बातें की जायेंगी.

चिराग पर कसा तंज

केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान से जुड़े एक सवाल के जवाब में जीतन राम मांझी ने कहा कि मैं उनकी बात नहीं कर सकता हूं. उनका चरित्र और चाल 2020 से आप लोग देख रहे हैं. इसीलिए मैं उनके बारे में कुछ नहीं कह सकता हूं. अभी एनडीए की जरूरत बिहार और भारत दोनो जगहों पर है. ऐसी स्थित में एनडीए कमजोर न हो, इसके लिए गठबंधन के सभी अंगों को मदद करने की जरूरत है. जीतन राम मांझी ने एक माह के अंदर यह दूसरी बार है जब उन्होने चिराग पासवान पर तंज कसा है. जीतन राम मांझी ने इससे पहले गया में पीएम मोदी की सभा में इशारों इशारों में तंज कसा था.

अपने ही बयान से पलटे जीतन राम मांझी BIHAR ELECTION

जीतन राम माझी ने शुक्रवार को दिल्ली में कहा था कि हमारी पार्टी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इस बारे में जब जीतन राम मांझी से सवाल किया गया तो उन्होने कहा कि अपने कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाने के लिए ऐसा कहा था. कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए कभी कभी कुछ बातें बोल देनी पड़ती हैं. हमने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है कि आप लोग सभी सीटों के लिए तैयार रहिए. जब हम एनडीए को मदद करेंगे तो सभी सीटों पर लड़ना होगा.

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.