T20 WORLD CUP में सुपर 8 के मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हरा दिया । साउथ अफ्रीका के 188 रनों का पीछा करने उतरी टीम इंडिया सिर्फ 111 रन पर ही सिमट गई । टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का विजयरथ रुक गया है । सुपर 8 के मुकाबले में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के सामने करारी हार का सामना करना पड़ा । यह हार टी 20 वर्ल्डकप के इतिहास में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की सबसे बड़ी हार है ।
111 रन के स्कोर पर आलआउट हुई टीम इंडिया
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गये इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया । शुरुआत में साउथ अफ्रीका की टीम थोड़ी लड़खड़ाई थी जब सिर्फ 20 रन पर 3 विकेट गिर चुके थे, लेकिन उसके बाद डेविड मिलर और ब्रेविस की जोड़ी ने कमान संभाला । साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन का स्कोर खड़ा किया । साउथ अफ्रीका के 187 रनों के जवाब में उतरी टीम इंडिया महज 18.5 ओवर में ही 111 रन के स्कोर पर आलआउट हो गई। भारत की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाये इसके लिये उन्होने 37 गेंदो का सामना किया और वह बस हार के अंतर को ही कम कर पाये ।
50 रनों के पहले ही पवेलियन लौट चुका था भारत का बैटिंग आर्डर
भारत की ओर से पहला विकेट इशान किशन के रूप में गिरा । इस पारी में किशन अपना खाता तक नहीं खोल पाये । बड़ा शॉट खेलने के प्रयास मे मिड ऑफ को अपना आसान सा कैच थमा बैठे। दूसरा विकेट तिलक वर्मा के रूप में गिरा तब भारत का स्कोर सिर्फ 5 रन था । तिलक ने सिर्फ 1 रन बनाया । इसके बाद तीसरा विकेट अभिषेक शर्मा के रूप में गिरा उन्होने 15 रन बनाये ।कप्तान सूर्य कुमार यादव ने 22 गेंद पर 18 रन बनाकर चलते हुये । भारत का बैटिंग आर्डर 50 रन के पहले ही पवेलियन लौट चुका था ।
T20 WORLD CUP में भारत की शर्मनाक हार
अब हार्दिक पांड्या से ही चमत्कार की उम्मीद थी। लेकिन केशव महराज ने 16वें ओवर में 3 विकेट लेकर भारत की शर्मनाक हार को सुनिश्चित कर दिया । इस तरह भारतीय टीम 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन बनाकर आलआउट हो गई । साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को यानसन न घातक गेंदबाजी करते हुये 3.5 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके ।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड मिलर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुये 35 गेंद में 63 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को शुरुआती झटकों से उबारा । ब्रेविस ने 45 और स्टब्स ने 44 रन का अहम योगदान दिया, जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 187 रनो का मजबूत स्कोर खड़ा किया ।